DniNews.Live

बरेली में अफीम तस्करी का खुलासा:10 लाख की अफीम के साथ युवक गिरफ्तार

बरेली पुलिस ने 528 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेंद्र (20) के रूप में हुई है, जो विशारतगंज थाना क्षेत्र के कान्धरपुर गांव का निवासी है और खेती-किसानी से जुड़ा है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ‘जल्दी पैसे कमाने’ के लालच में वह इस अवैध कारोबार में शामिल हुआ। मामले का खुलासा तब हुआ जब रात में गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर नाग देवता मंदिर के पास घेराबंदी की गई। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 528 ग्राम अफीम बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी सुरेंद्र ने बताया कि वह 10वीं तक पढ़ा है और पहले खेती करता था। गांव के ही कल्लू राजपूत नामक व्यक्ति ने उसे ‘अच्छी कमाई’ का लालच देकर इस धंधे में शामिल किया। सुरेंद्र कल्लू से अफीम खरीदकर आगे बेचता था। पुलिस के अनुसार, इस मामले में कल्लू राजपूत अभी फरार है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *