बरेली नगर निगम में 10 मनोनीत पार्षदों का शपथ ग्रहण:मेयर उमेश गौतम बोले- सीएम योगी ने हमें 10 हाथ दिए, अब 56 इंच का सीना तानकर विपक्ष का करेंगे सामना
![]()
बरेली नगर निगम में 10 मनोनीत पार्षदों का शपथ ग्रहण:मेयर उमेश गौतम बोले- सीएम योगी ने हमें 10 हाथ दिए, अब 56 इंच का सीना तानकर विपक्ष का करेंगे सामना
बरेली नगर निगम (बीएमसी) के मनोनीत पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को पंडित राधेश्याम ऑडिटोरियम में भव्य रूप से संपन्न हुआ। मेयर डॉ. उमेश गौतम ने सभी 10 मनोनीत पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान सदन की शक्ति बढ़ गई है; अब 80 निर्वाचित पार्षदों के साथ 10 मनोनीत सदस्य जुड़ जाने से कुल संख्या 90 हो गई है। कार्यक्रम में सांसद छत्रपाल गंगवार, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। इन 10 पार्षदों ने ली शपथ; कमला कश्यप इकलौती महिला सदस्य शपथ लेने वाले पार्षदों में ज्ञान प्रकाश लोधी, गौरव सक्सेना, रामबहादुर मौर्य, सुमित सैनी, हरीश बाबू वाल्मीकि, वीरेंद्र, हरिओम गौतम, अशोक चौहान और राजीव कुमार गुप्ता शामिल हैं। इस सूची में कमला देवी कश्यप एकमात्र महिला मनोनीत पार्षद हैं। मेयर ने विश्वास जताया कि इन नए सदस्यों के आने से शहर के विकास कार्यों को नई गति और ‘पंख’ मिलेंगे। मेयर का विपक्ष पर प्रहार: बोले- हमने कूड़े के पहाड़ हटाए, उन्होंने सिर्फ भाषण दिए शपथ ग्रहण के बाद संबोधन में मेयर डॉ. उमेश गौतम ने विपक्ष को जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “विपक्ष के पास अब बोलने के लिए कुछ नहीं बचा है। लोग गवाह हैं कि पहले बरेली में टूटी सड़कें हुआ करती थीं, लेकिन आज चौड़ी सड़कों का जाल है। हमने 5 करोड़ की लागत से सिटी स्टेशन रोड का कायाकल्प किया। बाकरगंज में कूड़े के जिस पहाड़ को दशकों से किसी ने नहीं छुआ, नगर निगम ने उसे हटाकर लाखों लोगों को राहत दी।” रामगंगा को सीवर से किया मुक्त, अब सवा करोड़ के बजट से होगा काम विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए मेयर ने कहा कि पहले जिले का सारा सीवर रामगंगा में जाता था, लेकिन हमने एसटीपी बनाकर इसे रोका। उन्होंने घोषणा की कि शहर में पहले से लगी 80 हजार लाइटों के अलावा 30 हजार नई लाइटें और लगवाई जाएंगी। पार्षदों के अधिकार बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि इस बार सवा करोड़ से ज्यादा के काम हर वार्ड में कराए जा रहे हैं। महादेव सेतु का उदाहरण दिया, दिवाली तक अर्बन हाट बनेगा देश में सबसे सुंदर विरोध की राजनीति पर तंज कसते हुए मेयर ने महादेव सेतु (कुतुबखाना पुल) का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “जब पुल बन रहा था, तब व्यापारियों ने विरोध किया और वोट न देने की बात कही, लेकिन हमने विकास को प्राथमिकता दी। आज बरेली बदल रहा है। दिवाली तक बरेली का ‘अर्बन हाट’ देश के सबसे सुंदर हाट के रूप में तैयार हो जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमें ये 10 पार्षद 10 हाथ के रूप में दिए हैं, अब हम गर्व के साथ जनता के बीच जाएंगे।”
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
