प्रयागराज में थार से आकर गिट्टी-बालू सप्लायर को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने के मामले में बमबाज गुड्डू मुस्लिम के दो करीबी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। अफसान व अंजफ नाम के ये दो आरोपी युवक को लोहे की रॉड से पीटते कैमरे में कैद हुए थे। इसका फुटेज भी वायरल हुआ था। इस मामले में पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों समेत पांच पर नामजद मुकदमा दर्ज किया है। दोनों आरोपी चचेरे भाई
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी चचेरे भाई हैं। जबकि इस मामले में उनके पिता व चाचा भी नामजद हुए हैं। नामजद आरोपियों में अफजल, आजम व अकरम भी शामिल हैं। अफसान का पिता आजम है जबकि अंजफ नामजद अकरम का बेटा है। वादी फैसल निवासी कसारी मसारी का आरोप है कि अफजल उमेश पाल हत्याकांड में तीन साल से फरार चल रहे पांच लाख के इनामी गुड्डू मुस्लिम का करीबी है। यह भी आरोप है कि उमेश पाल की हत्या के बाद गुड्डू मुस्लिम को शहर से फरार होने में मदद करने वालों में अफजल भी शामिल था। पुलिस ने उसे उठाकर पूछताछ भी की थी। जबरन कब्जा कर रहे जमीन
फैसल कसारी मसारी का रहने वाला है और गिट्टी बालू का ठेकेदार है। उसने बताया कि उसके पिता के नाम पर ऐनुद्दीनपुर में जमीन है जिसे जबरन कब्जा किया जा रहा है। अफजल, अकरम, आजम जो कसारी मसारी के ही रहने वाले हैं, उस पर जमीन का बैनामा करने का दबाव बना रहे हैं। नंदग्राम के पास था तभी घटना
21 मार्च की सुबह 10 बजे वह नंदग्राम के पास था तभी थार कार से अंजफ व अफसान आए और उसे लोहे की रॉड से पीटने लगे। दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और कहा कि अगर उसने जमीन का बैनामा नहीं किया तो उसे जान से मार देंगे। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग निकले तो हमलावर भाग निकले। इस घटना में उसे चोटें आई हैं। यह भी बताया कि हमलावर दोनों युवक उन्हीं लोगों के परिवार से हैं, जो जमीन को लेकर उस पर दबाव बना रहे हैं। इस घटना का फुटेज भी सामने आया है। धूमनगंज थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दो युवक नजर आए थे। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त थार भी बरामद कर ली गई है।

Leave a Reply