बदायूं के एचपीसीएल प्लांट में हुए दोहरे हत्याकांड की जांच में पुलिस ने अहम बदलाव किए हैं। पुलिस ने मुकदमे से लूट की धारा हटा दी है, जबकि साजिश की धाराएं बढ़ाई गई हैं। इस मामले में दो अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है। आरोपी से बरामद बोलेरो को पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित कर लिया है और यह गाड़ी मुकदमे का फैसला आने तक थाने में रहेगी। आरोपी अजय प्रताप ने दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने के बाद बोलेरो से थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण किया था। यह वही बोलेरो थी जिसका इस्तेमाल उसने प्लांट में दाखिल होने और वारदात को अंजाम देने के बाद भागने के लिए किया था। शुरुआत में पुलिस ने हत्या और बोलेरो लूट का मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान पता चला कि इस घटना में दो अन्य लोग भी शामिल थे, जिन्हें साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अब लूट की धारा हटा दी है क्योंकि ड्राइवर ने अपनी मर्जी से आरोपी को बोलेरो की चाबी सौंपी थी। मूसाझाग थाने के एसएचओ वीरेंद्र तोमर ने पुष्टि की कि लूट की धारा हटा दी गई है, लेकिन गाड़ी को साक्ष्य के तौर पर माल मुकदमाती के रूप में थाने में रखा गया है।

Leave a Reply