बदायूं में एचपीसीएल दोहरे हत्याकांड के आरोपी के ताऊ और पूर्व प्रधान राकेश सिंह की अवैध कमाई पर प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। कार्रवाई के तहत उसकी अवैध आय के प्रमुख स्रोतों को बंद कर दिया गया है। प्रशासन के मुताबिक, राकेश सिंह ने ग्राम समाज की जमीन पर अवैध रूप से 58 दुकानें बनवा रखी थीं। इन दुकानों से वह करीब डेढ़ लाख रुपये प्रतिमाह वसूलता था। अब प्रशासन ने इस आय पर पूरी तरह रोक लगा दी है। साप्ताहिक बाजार से हफ्ते में 3 लाख की वसूली जांच में सामने आया कि किसनी मेहरा गांव जाने वाली सड़क पर राकेश सिंह अवैध साप्ताहिक बाजार भी लगवाता था। इस बाजार में करीब 100 व्यापारी आते थे। फड़ लगाने वालों से 30 रुपये और टेंट लगाने वालों से 50 रुपये वसूले जाते थे। यह बाजार सप्ताह में दो बार लगता था, जिससे उसे हर हफ्ते करीब 3 लाख रुपये की अवैध आय होती थी। प्रशासन ने इस बाजार को भी बंद करा दिया है। 60 बीघा ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे का आरोप राकेश सिंह पर 60 बीघा से अधिक ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा कर खेती कराने का भी आरोप है। इस मामले में उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। साथ ही उसके राइफल लाइसेंस को निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि राकेश सिंह और उसके परिजनों की अन्य अवैध कमाई के स्रोतों की भी जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि सभी मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply