बदायूं के बिसौली कोतवाली क्षेत्र से तीन बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। इनमें दो सगे भाई और एक चचेरा भाई शामिल हैं। घटना वार्ड संख्या 17 स्थित नई बस्ती की है, जहां नूर मोहम्मद के बेटे आहिल (10) और रसूल मोहम्मद (8) अपने चचेरे भाई आरिश (14) के साथ 18 मार्च की शाम घर के बाहर खाली प्लॉट में खेल रहे थे। जब तीनों बच्चे देर रात तक घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने आसपास के लोगों, रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ शुरू की। दो दिनों तक परिवार ने अपने स्तर पर बच्चों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। कोई जानकारी न मिलने पर परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ बच्चों को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला दर्ज कर लिया है। दरगाह जाकर पैसे कमाने की कर रहे थे बात परिजनों के मुताबिक, बच्चों के चचेरे भाई अब्दुल ने बताया कि तीनों घटना से पहले आपस में बात कर रहे थे कि वे तेलंगाना के नेल्लोर जिले में स्थित रहमता वाद शरीफ दरगाह जाकर पैसे कमाएंगे। इस इनपुट के बाद परिवार ने वहां रहने वाले परिचितों को बच्चों की तस्वीरें भेजकर सूचना दी, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिली। दादी बोलीं- इफ्तार के समय से गायब बच्चों की दादी मुन्नी ने बताया कि वह रोजा इफ्तार की तैयारी कर रही थीं, तभी बच्चों को खेलते देखा था। इफ्तार के बाद बाहर देखने पर तीनों नहीं दिखे। पहले लगा कि वे अपने माता-पिता के पास चले गए होंगे, लेकिन बाद में मामला सामने आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज रातभर खंगाली। साथ ही एक टीम हाइवे पर लगे कैमरों की जांच में जुटी रही, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्चे किस दिशा में गए हैं।

Leave a Reply