बदायूं में डबल मर्डर के आरोपी अजय प्रताप के ताऊ और पूर्व प्रधान राकेश सिंह व उनके परिजनों के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई सरकारी जमीन पर अवैध रूप से फार्म हाउस बनाने के आरोप में हुई है। हल्का लेखपाल की तहरीर पर गुरुवार शाम यह एफआईआर दर्ज की गई। सैजनी गांव में बिजलीघर के पास एक जमीन पर राकेश सिंह ने फार्म हाउस बनवाया था। जांच में पता चला कि यह जमीन सरकारी है और राकेश व उनके परिजन इसे जबरन कब्जाए हुए थे। राकेश सिंह के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले उनकी दुकानों पर बुलडोजर चलाया गया था। इसके बाद उनकी 53 दुकानें सील की गईं और तहसीलदार कोर्ट में उनके खिलाफ वाद दायर किया गया। सरकारी जमीन पर बने इस फार्म हाउस को मंगलवार को प्रशासन ने सील कर दिया था। दातागंज के एसडीएम धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जमीन पर कब्जे की शिकायत मिली थी। हल्का लेखपाल की तहरीर के आधार पर थाना पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply