बदायूं में रामनवमी के अवसर पर श्री रघुनाथ जी मंदिर और श्री सनातन धर्म सभा के संयुक्त तत्वावधान में एक शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में स्वचलित झांकियां और काली माता के अखाड़े मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। शोभायात्रा में स्कूली बच्चों ने भी बैंड के साथ भाग लिया। इसमें श्रीगणेश, महादेव-पार्वती, श्रीराम दरबार, राधा-कृष्ण और नवग्रह की धार्मिक झांकियों के साथ-साथ देशभक्ति से जुड़ी झांकियां भी शामिल थीं। अखाड़ों में कलाकारों ने तलवारबाजी का प्रदर्शन किया। शहर में जगह-जगह शोभायात्रा का फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान शोभायात्रा देखने के लिए सड़कों पर भारी संख्या में भीड़ उमड़ पड़ी। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। छह थानों की पुलिस, पीएसी, फायर टेंडर और दंगा निरोधक दस्ते को तैनात किया गया था। शोभायात्रा बिरुआबाड़ी मंदिर से शुरू हुई और टिकटगंज, हलवाई चौक, खैराती चौक, नेहरू चौक, गोपीचौक, लोटनपुरा, अंबा टाकीज, लावेला चौक, गद्दी चौक, रजी चौक, सराय कोना, हलवाई चौक और मढ़ई चौक से होते हुए श्री रघुनाथ मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।

Leave a Reply