DniNews.Live

बदायूं में युवक का शव फंदे पर लटका मिला:हॉस्पिटल में मरीजों की देखभाल करता था, पुलिस कॉल डिटेल खंगाल रही

बदायूं में एक 22 वर्षीय युवक का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला नई सराय की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मृतक की पहचान मुइनउद्दीन (22) पुत्र सैफुद्दीन के रूप में हुई है। वह शहर के एक निजी अस्पताल में मरीजों की देखभाल का काम करता था। पुलिस के अनुसार, घटना के समय मुइनउद्दीन घर में अकेला था। उसके परिवार के सदस्य बाजार गए हुए थे, क्योंकि 4 अप्रैल को युवक के बड़े भाई की शादी है। जब परिजन घर लौटे, तो उन्होंने मुइनउद्दीन का शव फंदे से लटका देखा, जिससे घर में कोहराम मच गया। परिवार वालों ने तत्काल यूपी 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पीआरवी और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वीडियोग्राफी कराते हुए शव को फंदे से उतारा और कब्जे में लिया। फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। सिविल लाइंस थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों ने फिलहाल घटना से संबंधित कोई ठोस कारण नहीं बताया है। पुलिस उनसे बाद में विस्तृत पूछताछ करेगी। युवक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *