बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र में एक नीलगाय से बाइक टकराने के बाद हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। घायल युवक का इलाज जारी है। यह घटना घंसौली गांव के पास हुई। इस्लामनगर थाना क्षेत्र के सुंदर नगर निवासी चीकू पुत्र पप्पू सिंह और ओमपाल पुत्र साधू सिंह बाइक से बिल्सी की ओर जा रहे थे। तभी अचानक एक नीलगाय सड़क पार करने लगी। तेज रफ्तार के कारण बाइक सवार युवक वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाए और नीलगाय से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन एंबुलेंस पहुंचने में देरी हुई। बाद में डायल 112 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान ओमपाल ने दम तोड़ दिया। वहीं, चीकू की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply