बदायूं में शराब के नशे में एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब डेढ़ घंटे तक टावर पर रहने के बाद पुलिस के समझाने पर वह नीचे उतरा। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है और उसका मेडिकोलीगल कराया जा रहा है। यह घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रसूलपुर बिलहरी गांव की है। गांव का रहने वाला 30 वर्षीय ओमपाल पुत्र मूलचंद्र दिहाड़ी मजदूर है। खराब मौसम के कारण वह आज काम पर नहीं गया था। दोपहर करीब दो बजे उसने शराब पी और उसके बाद टावर पर चढ़ गया। शुरुआत में गांव वालों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतरने के लिए समझाना शुरू किया। इस दौरान युवक ने किसी तरह की कोई मांग नहीं रखी। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिसकर्मी उसे टावर से नीचे उतारने में सफल रहे। सिविल लाइंस के एसएचओ हरेंद्र सिंह ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में युवक ने बताया कि वह नशे में था। उसने दावा किया कि एक व्यक्ति ने उसे 100 रुपये का लालच देकर टावर पर लगे झंडे को उतारने के लिए कहा था, लेकिन वह व्यक्ति बाद में भाग गया। पुलिस के अनुसार, युवक अत्यधिक नशे में है और ज्यादा जानकारी नहीं दे पा रहा है। ऐसे में उसके टावर पर चढ़ने का वास्तविक मकसद अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस आगे की पूछताछ कर रही है और उसे मेडिकोलीगल के लिए भेजा गया है।

Leave a Reply