बदायूं के बिसौली कोतवाली क्षेत्र में सोमवार शाम खेत पर काम कर रहे तीन मजदूर बिजली के करंट की चपेट में आ गए। इस हादसे में मुसिया नगला निवासी 18 वर्षीय विष्णु मोहन की मौत हो गई, जबकि सुनील (24) और अभिषेक गंभीर रूप से झुलस गए। जानकारी के अनुसार, मुसिया नगला निवासी अजय पाल ने करीगी गांव निवासी मुन्नी पत्नी मुनेंद्र पाल का खेत बटाई पर लिया हुआ है। सोमवार शाम मक्का की बुवाई के दौरान तीनों मजदूर खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान पास के खेत में लगी तारबंदी में दौड़ रहे बिजली के करंट की चपेट में आने से तीनों मजदूर झुलस गए। ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग घटना के बाद परिजन और ग्रामीण घायलों को तत्काल निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने विष्णु मोहन को मृत घोषित कर दिया। सुनील की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अभिषेक का इलाज जारी है।हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। ग्रामीणों ने खेत की तारबंदी में करंट दौड़ाने को गंभीर लापरवाही बताया है। उन्होंने जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply