बदायूं शहर को नवयुग पालिका योजना में शामिल कर स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। यह पहल सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता के प्रयासों का परिणाम है, जिन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष इस मांग को प्रमुखता से उठाया था। शासन स्तर पर सहमति मिलने के बाद अगले पांच वर्षों में चरणबद्ध तरीके से शहर के विकास की रूपरेखा लागू होगी। इस योजना के तहत सड़कों और नालियों का निर्माण, चौराहों का सौंदर्यीकरण, पार्कों का विकास, फुटपाथ निर्माण और सार्वजनिक स्थलों का उन्नयन किया जाएगा। साथ ही ऑडिटोरियम, प्रदर्शनी केंद्र और डिजिटल लाइब्रेरी जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित होंगी। ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग और बस स्टेशन सुविधाओं का विस्तार शहरी ढांचे को मजबूत करने के लिए बिजली व्यवस्था में सुधार, ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग और बस स्टेशन सुविधाओं का विस्तार प्रस्तावित है। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। सुरक्षा और सुविधा के दृष्टिकोण से पिंक टॉयलेट, बेहतर जल निकासी व्यवस्था और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण के तहत सोलर स्ट्रीट लाइट, ईवी चार्जिंग स्टेशन, हरित क्षेत्र का विकास और जल स्रोतों के संरक्षण को प्राथमिकता दी गई है। इसके अतिरिक्त, मलिन बस्तियों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और कचरा प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक परियोजना चयन समिति गठित की जाएगी। यह समिति विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्यों की निगरानी करेगी। विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने इस पहल को बदायूं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य शहर को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना है। उनकी लगातार कोशिशों से मिली यह स्वीकृति शहर के विकास के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

Leave a Reply