बदायूं से दिल्ली तक सीधी ट्रेन की घोषणा के साथ जहां एक ओर यहां के लोगों में खुशी है। वहीं सियासी गलियारों में ट्रेन संचालन आपसी रार की बड़ी वजह बन गया है। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा और सपा सांसद दोनों ही ट्रेन के संचालन को अपना प्रयास बता रहे हैं। अप्रैल में बदायूं से दिल्ली को एक्सप्रेस ट्रेन की सुविधा मिलने जा रही है। ट्रेन सुबह जाएगी और रात को वापसी भी होगी। बदायूं से दिल्ली की सीधी कनेक्टिविटी होने से व्यापारी, छात्र और किसानों से लेकर हर तबके के लोग काफी खुश नजर आ रहे हैं, वजह है कि एक अरसे से देखा जा रहा यह सपना अब साकार होने के करीब है। दूसरी ओर केंद्रीय राज्यमंत्री का कहना है कि ट्रेन का संचालन उनके प्रयासों से हुआ है तो सपा सांसद का तर्क है कि ट्रेन को लेकर संसद में मांग उठाने के कारण यह फैसला हुआ है। कुल मिलाकर मौजूदा वक्त में रेल को लेकर रार मची हुई है। अब पढ़िये दोनों के बयान हमने संसद में उठाई मांग सपा सांसद आदित्य यादव ने संसद में कहा था कि बदायूं से दिल्ली के लिए रेलसेवा की मांग लगभग 15 साल से की जा रही है। फाइल काफी आगे बढ़ी है, आप निश्चित ही उस पर निगाह डालेंगे तो एक सौगात बदायूं को मिल सकती है। रेलमंत्री ने हमारा आग्रह माना हमने रेलमंत्री से दिल्ली तक सीधी रेल चलाने का आग्रह किया था, जिसे रेलमंत्री ने स्वीकार कर लिया है। अब जल्द ही लखनऊ को भी एक सीधी ट्रेन दिलाने की कोशिश करेंगे। आजमगढ़ सपा सासंद संसद में यह मुद्दा उठा रहे थे लेकिन उन्होंने इस दिशा में प्रयास किए होते तो आज उन्हें बदायूं छोड़कर आजमगढ़ न जाना पड़ता।

Leave a Reply