बदायूं नगर पालिका को स्मार्ट सिटी का दर्जा मिलने के बाद जनपद में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि पर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश ने सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता के कैंप कार्यालय पर एक बैठक आयोजित की। इसमें बड़ी संख्या में व्यापारियों और पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान व्यापारियों ने सदर विधायक का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया और आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सर्वसम्मति से सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता को संगठन का संरक्षक घोषित किया गया। पदाधिकारियों ने उन्हें तलवार और राधाकृष्ण की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष विपिन अग्रवाल ने की, जबकि संचालन प्रदेश मंत्री पवन जैन ने किया। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि बदायूं विधानसभा उनके लिए मां के समान है और उसकी सेवा करना उनका पहला कर्तव्य है। उन्होंने बदायूं को प्रदेश की सर्वश्रेष्ठ विधानसभा बनाने का लक्ष्य बताया। स्मार्ट सिटी का दर्जा दिलाना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यह भी बताया कि शासन स्तर से कई विकास योजनाएं स्वीकृत कराई गई हैं, जिनसे शहर के बुनियादी ढांचे में सुधार होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने व्यापारियों का आभार जताते हुए कहा कि उनका परिवार भी व्यापारी वर्ग से जुड़ा है, इसलिए वे उनकी समस्याओं को भली-भांति समझते हैं। विधायक ने भरोसा दिलाया कि व्यापारी हितों की रक्षा के लिए उनके दरवाजे 24 घंटे खुले हैं। जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता शोंटू ने कहा कि विधायक के संरक्षक बनने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और व्यापारिक समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होगा। जिला महामंत्री हाजी राशिद सैफी ने कहा कि स्मार्ट सिटी बनने से मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे व्यापार को भी गति मिलेगी। बैठक में युवा नेता विश्वजीत गुप्ता समेत विभिन्न पदाधिकारी एवं व्यापारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की।

Leave a Reply