DniNews.Live

बजरिया में सिलाई कारीगर पर सरेबाजार चाकू से हमला:खून से लथपथ पहुंचा थाने, बदमाश ने महिला कांस्टेबल से की थी लूट

सीसामऊ में महिला कांस्टेबल से लूट करने वाले बदमाश ने सिलाई कारीगर पर सरे बाजार चाकू से ताबड़–तोड़ वार कर दिया। चीख पुकार सुनकार इलाकाई लोग मौके पर पहुंचे, तो बदमाश साथियों संग मौके से फरार हो गया। खून से लथपथ कारीगर को उसका साथी बजरिया थाने लेकर पहुंचा, जहां पुलिस ने घायल को इलाज के लिए भेजा। पीड़ित ने बताया कि डेढ़ माह पहले ही बदमाश जेल से छूट कर आया था। 15 दिन पहले हुआ था विवाद बेकनगंज मुन्नापुरवा निवासी फरहान खान सिलाई कारीगर है। बड़े भाई जीशान ने बताया कि करीब 15 दिन पहले वह मोहल्ले में इफ्तार करा रहे थे। इस दौरान इलाके में रहने वाले शयान मिर्जा पर पानी गिर गया, जिसपर वह फरहान पर भड़क गया और दोनों के बीच झगड़ा होने लगा। लोगों ने बीच–बचाव कर दोनों को शांत कराया। जीशान के मुताबिक कल देर रात करीब 3 बजे फरहान इलाके में रहने वाले साथी आफताब के साथ रूपम टाकीज के पास चाय पीने गया था, इस दौरान शयान अपने 4–5 साथियों के साथ होटल पहुंचा और फरहान पर चाकू व ब्लेड से हमला कर दिया। जिससे वह लहुलूहान होकर गिर पड़ा। शोर गुल सुनकर लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी मौके से फरार हो गए। फरहान अपने साथी के साथ खून से लथपथ बजरिया थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे इलाज के लिए भिजवाया। जीशान ने बताया कि 28 दिसंबर को चमनगंज निवासी महिला कांस्टेबल पिंकी पाल का पर्स छीनकर फरार हो गए थे। पर्स में 10 हजार रुपए, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य दस्तावेज थे। मामले में पुलिस ने शयान मिर्जा और कंघी मोहाल निवासी उसके साथी मारूफ को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा था। इस दौरान पुलिस ने शयान मिर्जा का जुलूस भी निकाला था, उसने कान पकड़ कर माफी मांगते हुए कहा था कि – साहब अब ऐसा नही करूंगा, मै मुंबई भाग जाऊंगा। बजरिया थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी शयान मिर्जा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *