![]()
बच्ची से रेप-मर्डर का तीसरा आरोपी एनकाउंटर में घायल:कानपुर में इंस्पेक्टर पर बदमाश ने फायरिंग की, 2 आरोपी पहले से अरेस्ट; आज तीनों की कोर्ट में पेशी
कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र में 11 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को पुलिस ने बुधवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने इंस्पेक्टर तेज बहादुर सिंह पर फायरिंग की, लेकिन गोली उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी और वह सुरक्षित बच गए। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पहले बिधनू सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा है। मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि इस मामले में पीड़िता के पिता की तहरीर पर पड़ोस के रहने वाले तीन सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस पहले ही दो आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। बुधवार देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तीसरा आरोपी भागने की फिराक में है। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे घेर लिया। इंस्पेक्टर की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी गोली
पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान तीसरे आरोपी ने तमंचे से बिधनू इंस्पेक्टर तेज बहादुर सिंह पर फायर कर दिया। गोली उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को घायल अवस्था में बिधनू सीएचसी लेकर पहुंची। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत को देखते हुए उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। आरोपी का इलाज पुलिस अभिरक्षा में जारी है। आज कोर्ट में पेश कर भेजे जाएंगे जेल
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि तीनों आरोपियों से घटना के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस गुरुवार दोपहर तीनों को न्यायालय में पेश करेगी, जिसके बाद उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply