बिहार के बक्सर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और लोजपा (रामविलास) सुप्रीमो चिराग पासवान की संयुक्त जनसभा रद्द कर दी गई है। यह सभा 31 अक्टूबर को ब्रह्मपुर हाई स्कूल मैदान में होनी थी, लेकिन चक्रवात मोनथा के कारण लगातार हुई बारिश से मैदान जलमग्न हो गया। भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने बताया कि पार्टी ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं, जिसमें मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन शामिल था। हालांकि, बुधवार देर रात से हो रही तेज बारिश के कारण सभा स्थल पर पानी भर गया, जिससे मंच और बैठने की व्यवस्था प्रभावित हुई। मैदान में पानी भर जाने के कारण कार्यक्रम का सुचारु संचालन और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना संभव नहीं रहा। स्थिति का जायजा लेने के बाद प्रशासन और पार्टी नेतृत्व ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम को रद्द करने का निर्णय लिया। हुलास पांडेय के समर्थन में होनी थी सभा यह सभा ब्रह्मपुर सीट से एनडीए उम्मीदवार हुलास पांडेय के समर्थन में एक महत्वपूर्ण आयोजन मानी जा रही थी। 2020 के चुनाव में हुलास पांडेय को राजद के शंभू यादव से 50 हजार वोटों से हार मिली थी। इस बार एनडीए इस सीट पर पूरी ताकत लगा रहा है। पिछले एक सप्ताह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपेंद्र कुशवाहा और पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे जैसे कई दिग्गज नेता यहां जनसभाएं कर चुके हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने कहा कि मौसम में सुधार होते ही कार्यक्रम की नई तारीख पर विचार किया जाएगा और कार्यकर्ताओं को इसकी सूचना दी जाएगी।
https://ift.tt/u12mlBN
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply