DniNews.Live

फिल्म ऐक्टर रजा मुराद की मौजूदगी में सजेगा साहित्यिक मंच:दो दिवसीय प्रयागराज लिटरेरी फेस्टिवल में जुटेंगी देशभर की नामी हस्तियां

प्रयागराज शहर की साहित्यिक संस्था ‘गुफ्तगू’ द्वारा 28 और 29 मार्च को ‘प्रयागराज लिटरेरी फेस्टिवल-2026’ का भव्य आयोजन आर्य कन्या इंटर कॉलेज (अंग्रेजी माध्यम) के पिंक हॉल में किया जाएगा। इस दो दिवसीय आयोजन में फिल्म जगत के चर्चित अभिनेता रजा मुराद समेत न्यायपालिका, साहित्य, पत्रकारिता और सांस्कृतिक क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित हस्तियां भाग लेंगी। फेस्टिवल का शुभारंभ 28 मार्च को दोपहर 3:30 बजे उद्घाटन सत्र से होगा, जिसमें ‘हमारी सांस्कृतिक विरासत’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम का उद्घाटन मेयर गणेश केसरवानी करेंगे, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व पुलिस महानिरीक्षक लालजी शुक्ल मौजूद रहेंगे। अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार यश मालवीय करेंगे। इस सत्र में उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक सुदेश शर्मा, डॉ. धनंजय चोपड़ा, अनिल कुमार ‘अन्नू भइया’ सहित कई विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। पहले दिन का दूसरा सत्र शाम 6 बजे आयोजित होगा, जिसमें प्रख्यात गजल गायक अशुतोष श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ प्रस्तुति देंगे। दूसरे दिन 29 मार्च को सुबह 10:30 बजे ‘लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इस सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार कमर आगा करेंगे और संचालन मुनेश्वर मिश्र करेंगे। संगोष्ठी में रामदत्त त्रिपाठी, रविकांत, सुनील शुक्ल, अजय राय और शिवाशंकर पांडेय जैसे वरिष्ठ पत्रकार अपने विचार रखेंगे। दोपहर 1:30 बजे से अगले सत्रों की शुरुआत होगी, जबकि शाम 5:30 बजे पुस्तक विमोचन और सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समापन सत्र में इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी मुख्य अतिथि होंगे और कार्यक्रम की अध्यक्षता अभिनेता रजा मुराद करेंगे। फेस्टिवल के दौरान देशभर के साहित्यकारों, पत्रकारों और प्रतिभाओं को विभिन्न प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जाएगा, जिनमें अकबर इलाहाबादी अवार्ड, सुभद्रा कुमारी चौहान अवार्ड, कुलदीप नैयर अवार्ड, कैलाश गौतम अवार्ड सहित ‘गुफ्तगू’ अवार्ड प्रमुख हैं। आयोजकों का कहना है कि प्रयागराज की समृद्ध साहित्यिक परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर पुनः स्थापित करने के उद्देश्य से इस फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है, जिससे शहर की सांस्कृतिक पहचान को नई पहचान मिल सके। इस लिटरेरी फेस्टिवल के दौरान समाज और साहित्य के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रमुख पुरस्कारों में शबीना अदीब को ‘अकबर इलाहाबादी अवार्ड’, न्यायमूर्ति अशोक कुमार को ‘अदब नवाज अवार्ड’ और रामदत्त त्रिपाठी को ‘कुलदीप नैयर अवार्ड’ प्रदान किया जाएगा। साथ ही सुभद्रा कुमारी चौहान अवार्ड, कैलाश गौतम अवार्ड, मिल्खा सिंह अवार्ड और डॉ. प्रीतम दास अवार्ड समेत कई श्रेणियों में देश भर की प्रतिभाओं को नवाजा जाएगा। संस्था ‘गुफ्तगू’ को उम्मीद है कि यह आयोजन प्रयागराज की साहित्यिक पहचान को देश के नक्शे पर एक बार फिर मजबूती से रेखांकित करेगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *