बुलंदशहर में सोमवार को मौसम ने एक बार फिर करवट ली। सुबह अचानक आसमान में घने बादल छा गए और तेज ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे तापमान में गिरावट आई। न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दोपहर 1 बजे से तेज बारिश की संभावना जताई है। आसमान में छाए बादलों और हल्की बूंदाबांदी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इस मौसम बदलाव से गेहूं, सरसों और आलू की फसलों को नुकसान होने की आशंका है। कई स्थानों पर गेहूं की फसल तेज हवा के कारण खेतों में गिर गई है, जिससे पक रही फसल को भारी क्षति पहुंची है। किसान अरब सिंह ने बताया कि गेहूं की फसल इस समय पकने की अवस्था में है। सरसों की कटी हुई फसल भी खेतों में पड़ी होने के कारण गीली हो गई है। आलू की खुदाई का काम भी प्रभावित हुआ है, और आम के बौर पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है। हालांकि, इस बारिश और ठंडक से गन्ने की फसल को फायदा होने की उम्मीद है। इसके बावजूद, किसान अपनी प्रमुख फसलों को हुए नुकसान को लेकर चिंतित हैं।

Leave a Reply