फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र के नगला टिकार गांव में गुरुवार शाम एक किशोर को गोली मार दी गई। विवाद के बाद हुई इस घटना में 17 वर्षीय शिवा ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। शिवा ठाकुर का अपने साथी के साथ पड़ोस के कल्लू नगला गांव के कुछ युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। कहासुनी बढ़ने पर शिवा के साथी के साथ मारपीट शुरू हो गई। जब शिव बीच-बचाव करने गया, तो एक युवक ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली शिव के बगल के नीचे जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोहिया अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने शिव की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया। हालांकि, परिजन उसे एक निजी नर्सिंग होम ले गए। घटना की सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह और कादरी गेट थाना पुलिस लोहिया अस्पताल पहुंची। घायल शिवा के भाई प्रदीप कुमार ने बताया कि यह आपसी कहासुनी का मामला था। उनके अनुसार, गोली मारने वाला युवक नशे में था और जब शिवा ने उसे मना किया तो उसने तमंचे से गोली चला दी। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि कमालगंज थाना क्षेत्र में दो युवकों के बीच आपसी कहासुनी के बाद कुंवर पाल नामक व्यक्ति ने फायर किया। इसमें शिव ठाकुर नामक युवक को गोली लगी है। घायल को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपी कुंवर पाल को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध तमंचा भी बरामद किया है।

Leave a Reply