DniNews.Live

फर्रुखाबाद में अज्ञात प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड का शव मिला:आम के बाग में संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका था

फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में शनिवार दोपहर को आम के बाग में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। यह बाग रेलवे स्टेशन की पूर्वी पितौरा क्रॉसिंग, कायमगंज-अचरा मार्ग के पश्चिम में स्थित संतोष गंगवार का है। मृतक की आयु लगभग 30 से 32 वर्ष बताई जा रही है और पहनावे से वह निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत लग रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाग में छिड़काव के उपकरणों की जांच करने पहुंचे बागबान ने सबसे पहले शव को देखा। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक ने नीले रंग की पैंट और हल्के नीले रंग की शर्ट पहन रखी थी। उसके दाहिने हाथ में दो अंगूठियां, कलाई में कलावा और एक कड़ा मिला। कमर पर एक प्राइवेट सिक्योरिटी बेल्ट भी बंधी हुई थी। पेड़ के पास से एक पानी की बोतल और एक पिट्ठू बैग भी बरामद हुआ है। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी व क्राइम इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। फॉरेंसिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए फतेहगढ़ भेजा जाएगा। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस अन्य सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस शव की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *