मेरा साला प्रीतम कोई आईएएस नहीं है, वह तो केवल हाई स्कूल पास है। उसने कभी आईएएस की तैयारी भी नहीं की, केवल फर्जीवाड़ा कर लोगों पर रौब जमाता था। फर्जी आईएएस बनकर 25 शादियां करने वाला आरोपी प्रीतम निषाद केवल हाईस्कूल पास है। यह खुलासा प्रीतम के जीजा भानु निषाद ने किया है। भानु निषाद के घर को ही अपना बता प्रीतम ने गोरखपुर की लड़की से शादी की थी। गांव में रह रहे परिजन और रिश्तेदारों के बयानों से कई अन्य चौंकाने वाले तथ्य भी सामने आए हैं। बता दें कि मामला दर्ज होने के बाद से ही फर्जी आईएएस प्रीतम फरार है और गोरखपुर व इटावा पुलिस उसकी तलाश कर रही है। हाई स्कूल के बाद छोड़ दी पढ़ाई
भानु निषाद फर्जी आईएएस प्रीतम की बहन के जेठ हैं। भानु निषाद ने पुलिस से बात करते हुए बताया कि प्रीतम ने पढ़ाई सिर्फ हाई स्कूल तक ही की है। वह न ही आगे पढ़ा और न ही उसने कभी आईएएस की तैयारी की। उसने सिर्फ फर्जी तरीके से रौब दिखाकर गोरखपुर के लोगों को गुमराह किया और शादी कर ली। 11 मार्च को शादी हुई और शादी के दूसरे दिन जब वह पत्नी को लेकर यहां आया। तभी पीछे-पीछे गोरखपुर से लड़की के परिजन भी आ पहुंचे। सच्चाई पता चलने पर लड़की के परिजनों ने हंगामा काटा। मारपीट और झगड़े के बाद वे अपनी बेटी को वापस ले गए। प्रीतम पहले भी कई शादी कर चुका है। उसकी पहली शादी औरैया के दौलतपुर गांव से हुई थी। अभी तक उसका तलाक भी नहीं हुआ है। जीजा ने बताया कि कुछ समय तक वह इटावा में रहा और लोगों से कहता था कि वह नौकरी करता है, लेकिन बाद में यहां से चला गया और गोरखपुर में खुद को आईएएस बताकर दूसरी शादी कर ली। उधर प्रीतम की चचेरी बहन रश्मि ने बताया कि वह शादी में शामिल हुई थी। वहां ऐसी कोई बात सामने नहीं आई। लड़की पक्ष के लोग शादी से पहले यहां घर भी देखकर गए थे। शादी के बाद विदाई होकर हम लोग इटावा लौटे, तभी पीछे से लड़की के घर वाले आ गए। यहां आकर उन्होंने हंगामा किया और मारपीट के बाद लड़की को अपने साथ वापस ले गए। स्थानीय लोगों से बातचीत में भी सामने आया कि प्रीतम लंबे समय से अपनी पहचान को लेकर लोगों को भ्रमित करता रहा है। वह खुद को कभी अधिकारी तो कभी किसी बड़ी नौकरी में होने की बात कहता था। गोरखपुर की लड़की के पिता की तहरीर पर कैंट थाने में आरोपी प्रीतम निषाद, उसकी बहन और अन्य सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी है। घटना के बाद से आरोपी प्रीतम निषाद फरार है। गोरखपुर पुलिस इटावा रवाना गोरखपुर के कैंट इलाके की लड़की से फर्जी आईएएस बनकर शादी करने वाले आरोपी प्रीतम निषाद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रविवार को इटावा रवाना हो गई। फर्जी आईएएस प्रीतम कुमार निषाद इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र के लुधियात मोहल्ले का रहने वाला है। इस केस में प्रीतम की बहन-जीजा और परिवार के अन्य लोग आरोपी बनाए गए हैं। वहीं इटावा की पुलिस भी आरोपी की तलाश में जुट गई है। लगातार संभावित ठिकानों पर पुलिस टीम दबिश दे रही है। खुद को मनिकपुर का एसडीएम बताने वाले प्रीतम निषाद के घर पर शौचालय तक नहीं है। लेकिन फर्जीवाड़े का उसे महारथ हासिल है। इस घटना के बाद से ही वह इटावा स्थित घर से भागा हुआ है। कैंट पुलिस उसके संभावित ठिकानों का पता करके उसकी गिरफ्तारी के लिए निकल चुकी है। कैंट पुलिस का कहना है कि पकड़े जाने के बाद सारी सच्चाई सामने आएगी। शेरवानी में आया था बारात, नेता भी हुए थे शामिल इस घटना के बाद कैंट इलाके में पीड़ित लड़की के घर पर सन्नाटा पसरा है। लड़की के पिता का कहना है कि बारात में 20 से 30 बाराती आए थे। इटावा से प्रीतम के साथ दो अर्टिका कार से 10 बाराती आए थे। इसमे उसके शातिर दीदी और जीजा के साथ पिता और बच्चे शामिल थे। प्रीतम ने निषाद समाज के कैबिनेट मंत्री, सासंद और बड़े नेताओं को भी शादी का कार्ड दिया था। शहर के कई दिग्गज नेता आए थे। उन्होंने बताया कि उनके पास लड़के पक्ष की तरफ से कार्ड आया था। जबकि उन्हें लड़के के बारे में बहुत जानकारी नहीं थी। लेकिन निषाद समाज के आईएएस को देखने वे शादी में आए थे। शहर के नेताओं ने प्रीतम से मुलाकात की थी। उन्हें भी उसपर शक हुआ था। शादी अटेंड करने के बाद उन्होंने भी लड़की के परिवार से शंका जाहिर की थी। वहीं प्रीतम ने दूल्हा बनने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी थी। शाम के समय शादी कार्यक्रम में वह शेरवानी पहनकर आया था। इसके बाद रात को सात फेरे लेने से पहले भी कपड़े बदले थे। जानिए दुल्हन के पिता का दर्द ‘एक नहीं, 25 शादियां कर चुका है। फर्जी आईएएस बनकर पैसे ऐंठ लिए और बेटी की जिंदगी भी बर्बाद कर दी। हम लोगों को कहीं का नहीं छोड़ा। हर दिन उसकी नई कहानी सामने आ रही है।’ ये कहना है गोरखपुर के रहने वाले फर्जी IAS के ससुर का। उनका आधा शरीर काम नहीं करता है। वह बिस्तर पर ही पड़े रहते हैं। पैरालाइज्ड हुए कुछ ही साल बीते थे, तभी एक और मुसीबत सिर पर आ गिरी। पूरा परिवार टूट सा गया। पिता का कहना है कि बेटी की जिंदगी बर्बाद करने वाले को किसी भी हाल में सजा दिलाकर दम लूंगा। पहचान छिपाने की शर्त पर दैनिक भास्कर से उन्होंने सब कुछ बताया। कैसे वह फर्जी आईएएस के जाल में फंसे, कैसे रिश्ता जुड़ा और हकीकत कैसे सामने आई? पढ़िए रिपोर्ट… दो बेटियों की शादी कर चुके, तीसरी में फर्जी IAS दामाद मिला
फर्जी IAS के ससुर ने बताया- मेरी 3 लड़कियां और एक लड़का है। 2 लड़कियों की शादी कर चुका हूं। इसी बीच मैं पैरालाइज्ड हो गया। आधा शरीर काम ही नहीं करता है, इसलिए छोटी बेटी की शादी ढूंढना शुरू किया। छोटी बेटी ग्रेजुएशन कर चुकी है। समाज के ग्रुप में रिश्ता आया, फंसते चले गए
उन्होंने बताया कि मेरी बड़ी बेटी दिल्ली में रहती है। उसने कहा कि हम लोगों के समाज का एक ग्रुप है, इसमें अपने समाज के बहुत लोग जुड़े हैं। किसी ने एक आईएएस लड़के की प्रोफाइल आई है। लड़का रहने वाला इटावा के लुधियात मोहल्ले का है। नाम प्रीतम कुमार निषाद है। उसकी उम्र 32 साल है। वह मनिकपुर में एसडीएम पद पर तैनात है। प्रोफाइल पर यह सब लिखा है। उन लोगों को दहेज भी नहीं चाहिए। बस लड़की सुंदर होनी चाहिए। बेटी की बात सुन मुझे लगा कि रिश्ता अच्छा है, मैंने बात आगे बढ़ाने के लिए कह दिया। बड़ी बेटी ने प्रीतम से बात की, हम इटावा पता करने भी गए
उन्होंने बताया कि बड़ी बेटी ने प्रीतम से शादी के लिए बात की। इसके बाद मोबाइल से मुझसे भी बात कराई। बातचीत के बाद वह दिसंबर 2025 में गोरखपुर आया। उससे बातचीत हुई। उसने भी बेटी को देखते ही पसंद कर लिया। बात आगे बढ़ने पर मेरे परिवार के लोग उसके बारे में पता करने के लिए इटावा गए। लुधियात मोहल्ले में टू बीएचके घर था। प्रीतम ने बताया कि घर में मैं और बहन ही हैं। घर बहन के नाम पर है। हम लोगों की स्थिति बहुत खराब थी। अब इस मकान को बेचकर नया मकान लेने वाला हूं। बोला- गांव पिछड़ा है इसलिए कम जाते हैं
प्रीतम से गांव के बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि यहां से 35 किमी. है, लेकिन एक नदी पार करके जाना पड़ता है। बहुत पिछड़ा गांव है, इसलिए वहां कम आते-जाते हैं। मैं गांव का पहला लड़का हूं, जो आईएएस बना है। इस तरह उसने मेरे परिवार को विश्वास में ले लिया। घर के लोग भी संतुष्ट हो गए। 11 मार्च 2026 को शादी का दिन तय किया गया। पहले तो प्रीतम ने बोला कि वह दहेज नहीं लेगा। लेकिन शादी तय होने के बाद उसने शादी खर्च के नाम पर पैसे की डिमांड कर दी। उसने बोला कि शादी और बहूभोज में बड़े-बड़े लोग आएंगे, काफी पैसे खर्च होंगे। उसके कहने पर ही शादी के एक महीने पहले ही 15 लाख रुपए उसे दे दिए। कार पर लिख रखा था भारत सरकार
पिता ने बताया कि प्रीतम शादी के चार दिन पहले 7 मार्च को गोरखपुर आया था। जिस कार से आया, उसपर भारत सरकार लिखा था। उसके साथ एक असिस्टेंट भी था। जो उसके पीछे-पीछे चल रहा था। उसने घर पर आकर अपनी शादी का कार्ड दिया। मैंने सवाल किया कि शादी का कार्ड देने आने की क्या जरुरत थी। उसने जवाब दिया कि गोरखपुर में अपने समाज के कैबिनेट मंत्री और सांसद को शादी का कार्ड देना है। इसके अलावा पुलिस के अधिकारियों को भी कार्ड देना था। इसलिए गोरखपुर आया था। यह सब कहकर वह चला गया। शादी के दिन पता चला, विश्वास नहीं हुआ
पिता ने बताया कि 11 मार्च को कैंट क्षेत्र के एक मैरिज हाउस से शादी होनी थी। वहीं बारात के ठहरने के लिए एक होटल किया था। शादी वाले दिन दोपहर बाद बारात आई। होटल में दूल्हा और बाराती ठहरे थे।हमारे कुछ रिश्तेदार बाहर से आए थे। उन लोगों को जब पता चला कि लड़का आईएएस है तो मिलने होटल चले गए। वहां पर काफी देर तक बातचीत हुई। प्रीतम से उन्होंने पूछा कि कहां पर तैनात हैं। इस पर उसने मनिकपुर का नाम लिया। बताया कि इटावा से 500 किमी दूर यूपी दिल्ली बॉर्डर पर है। रिश्तेदारों ने प्रीतम के घर इटावा के बारे में पूछा, लेकिन कुछ नहीं बता पाया। इससे रिश्तेदार बहुत संतुष्ट नहीं थे। इन सब के बीच रातभर शादी का कार्यक्रम चला। पिता ने बताया कि सुबह मेरे भतीजे और रिश्तेदार ने बड़ी बेटी से उसके समाज के ग्रुप के बारे में पूछा। जहां से प्रोफाइल आई थी, उनका नंबर लिया। फिर उनसे दूल्हे के गांव का नंबर लेकर फोन किया। फोन पर प्रीतम के पट्टीदारों से बात हुई। उन्होंने बताया कि वह कोई आईएएस नहीं है। वह फर्जीवाड़ा करता है। इतना सुनते ही मेरे भतीजे ने विदाई रुकवा दी। प्रीतम ने सफाई में वीडियो दिखाए
लड़की के पिता ने बताया कि अपनी सफाई में प्रीतम ने एक वीडियो मंगाकर दिया। उस वीडियो में प्रीतम का इंटरव्यू था। एक यू-टयूबर ने एसडीएम बनने के बाद इंटरव्यू किया था। जो उसके चैनल पर चार साल से चल रहा था। इसके बाद प्रीतम ने बताया कि मेरे पट्टीदार जलते हैं। वह नहीं चाहते कि मेरी शादी हो। विश्वास होने पर 12 मार्च 2026 को विदाई की रस्म पूरी की गई। गांव वालों ने कॉल कर बताई सच्चाई
लड़की के पिता ने बताया कि थोड़ी ही देर बाद प्रीतम के गांव से फिर कई कॉल आई। उन्होंने प्रीतम के फर्जीवाड़ा का सबूत भी दिया। उन्होंने बताया कि प्रीतम गांव से भागा हुआ है। उसने कई लोगों से फर्जीवाड़ा किया है। उसने 25 शादियां झूठ बोलकर की हैं। विदाई के दिन ही रात में पहुंचे ससुराल
लड़की के पिता ने बताया कि हम लोग बहुत डर गए। सबसे पहले बेटी को कॉल कर बताया कि वह रास्ते से बार-बार लोकेशन भेजती रहे। इधर, गोरखपुर से मेरा बेटा, भतीजा और बड़ी लड़की कार से विदाई के तीन घंटे बाद निकले। इटावा में प्रीतम अपने घर लुधियात मोहल्ले में रात करीब 9 बजे पहुंचा। उसके पीछे मेरे परिवार के लोग भी 11 बजे पहुंच गए। देखा कि प्रीतम के घर के सभी लोग शराब पी रखे थे। वह भी सड़क पर से आंख चढ़ाए पैदल ही आया। घर में नहीं था शौचालय
लड़की के पिता ने बताया कि परिवार के लोगों ने उससे कड़ाई से पूछताछ की। पहले तो इधर-उधर की बात करके घुमाता रहा। बाद में जब उसे गांव के लोगों के भेजे वीडियो दिखाए तब उसके होश उड़ गए। पोल खुलती देख उसने बताया कि वह आईएएस नहीं है। एक कंपनी में काम करता था। शादी के लिए एक महीने से छुट्टी ली है। तब उसके खिलाफ इटावा के एकदिल थाने में शिकायत दर्ज कराई। वहां पता चला कि उसके खिलाफ दो और लड़कियों ने पहले से मुकदमा करा रखा है। उन्होंने बताया कि बेटी को लेकर वे गोरखपुर वापस आ गए। यहां आकर कैंट थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। बेटी ने भी बताया कि इटावा के जिस घर में वह विदा कराकर ले गया था, उसमें शौचालय तक नहीं था। पूछने पर कहा कि यहां के लोग खेत में जाते हैं। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया- केस दर्ज कर लिया गया है। परिवार के आरोपों की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। —————————- ये खबर भी पढ़ें… फर्जी IAS अपनी दुल्हन को गोवा में बेचने वाला था:गोरखपुर में धूमधाम से शादी रचाई, लड़की के परिवार को देखते ही भागा गोरखपुर में इटावा के रहने वाले युवक ने फर्जी IAS बनकर शादी रचाई। वह अपनी दुल्हन को गोवा में बेचने की फिराक में था। लेकिन इससे पहले परिवार को उसके फर्जी अफसर होने की भनक लग गई। लड़की वाले अपनी बेटी को बचाने के लिए जैसे इटावा पहुंचे। आरोपी उन्हें देखते ही अपने परिवार के साथ भाग निकला। दुल्हन के परिवार ने नंदानगर इलाके के एक लॉन से धूमधाम से शादी की थी। पढ़ें पूरी खबर

Leave a Reply