फतेहपुर की साइबर क्राइम पुलिस ने मैट्रिमोनियल साइट के नाम पर शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, सिम कार्ड, कंप्यूटर उपकरण और नकदी बरामद की गई है। इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बुधवार को एक प्रेस वार्ता में बताया कि प्रतिबिंब पोर्टल पर संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जांच के दौरान साइबर क्राइम पुलिस को सूचना मिली थी। यह जानकारी मिली कि थाना राधानगर क्षेत्र के देवीगंज में एक किराए के मकान से मैट्रिमोनियल साइट के नाम पर कॉल सेंटर चलाकर लोगों से वित्तीय धोखाधड़ी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल छापा मारा और इस कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया। मौके से तीन युवतियों सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में आदित्य यदु, अनिल कुमार, दिनेश कुमार बंजारे, नीलम, तनु शर्मा और श्रेया मिश्रा शामिल हैं। पुलिस ने घटनास्थल से 8 कंप्यूटर सीपीयू, 7 मॉनिटर, 25 की-पैड मोबाइल, 3 एंड्रॉयड मोबाइल, 144 सिम कार्ड, एक प्रिंटर, एक राउटर, एक हार्ड डिस्क और 72,930 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ‘uniquerishtey.com’ वेबसाइट के माध्यम से शादी के इच्छुक लोगों के मोबाइल नंबर प्राप्त करते थे। इसके बाद वे उन्हें कॉल करके 2,999 रुपये से लेकर 19,999 रुपये तक के पैकेज ऑफर करते थे। पीड़ितों को व्हाट्सएप पर लड़के-लड़कियों के फर्जी फोटो भेजकर क्यूआर कोड के जरिए अपने खातों में पैसे मंगाए जाते थे। पैसा मिलने के बाद वे पीड़ितों से संपर्क तोड़ देते थे। यह कॉल सेंटर लगभग 18 महीने से संचालित हो रहा था। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह देश के कई राज्यों में लोगों को अपना निशाना बनाता था। राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, गुजरात और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से इस संबंध में शिकायतें दर्ज हैं।

Leave a Reply