DniNews.Live

फतेहपुर में स्कूल चोर गिरोह का भंडाफोड़:पांच शातिर गिरफ्तार, गैस सिलेंडर समेत भारी सामान बरामद

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद में स्कूलों में हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का भारी सामान और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि थाना गाजीपुर क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय सोनबरसा बहुआ में 20 मार्च और 30 मार्च 2026 की रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर कंप्यूटर सिस्टम,गैस सिलेंडर और रसोई का सामान चोरी कर लिया था।इस संबंध में थाना गाजीपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। एसपी ने जानकारी दी कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गाजीपुर पुलिस, इंटेलिजेंस विंग और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।मुखबिर की सूचना पर 1अप्रैल को कोतवाली क्षेत्र के शांतिनगर मोहल्ले में अंशु सोनी के मकान में किराए पर रह रहे राकेश विश्वकर्मा के कमरे में छापा मारा गया। पुलिस ने इस दौरान पांच लोगों को चोरी का सामान बांटने की तैयारी करते समय रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में राकेश विश्वकर्मा (निवासी रमवां, थाना राधानगर),अरविंद कुमार(निवासी लोधीगंज,थाना कोतवाली),वीरेंद्र कुमार लोधी (निवासी मिट्ठनपुर खुराना, थाना कोतवाली),सुरेश कुमार लोधी(निवासी मिट्ठनपुर खुराना,थाना कोतवाली)और गुलाम रसूल (निवासी घोसियाना ज्वालागंज,थाना कोतवाली) शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से छह बड़े और दो छोटे गैस सिलेंडर,कंप्यूटर से जुड़े उपकरण,पंखे,मिक्सी,ड्रिल मशीन,प्रोजेक्टर,एलईडी मॉनिटर,रसोई के बर्तन सहित बड़ी मात्रा में सामान और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांवों में स्थित स्कूलों की पहले रेकी करते थे।इसके बाद रात में ताला तोड़कर गैस सिलेंडर,कंप्यूटर, पंखे और बर्तन चोरी कर लेते थे। चोरी का सामान सस्ते दामों में बेचकर उससे मिलने वाले पैसों से अपने परिवार का खर्च चलाते थे। आरोपियों ने राधानगर,थरियांव,कल्याणपुर,हुसैनगंज और बिंदकी क्षेत्रों के स्कूलों में भी चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को जेल भेजने की कार्यवाही की जा रही है। इस सफल खुलासे के लिए पुलिस टीम को 15 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *