उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में हुई बेमौसम बारिश और तेज हवाओं से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इससे किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। कृषि विभाग ने नुकसान का आकलन करने के लिए सर्वे शुरू कर दिया है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हुई इस बारिश से गेहूं, चना, सरसों और आलू जैसी प्रमुख फसलें प्रभावित हुई हैं। कई स्थानों पर गेहूं की पकी हुई फसलें तेज हवाओं के कारण खेतों में गिर गई हैं। दैनिक भास्कर की टीम ने अभयपुर ग्राम सभा के रानीपुर गांव में किसानों से बातचीत की। आनंद सिंह, विकसित सिंह, अशोक पांडेय और भानु प्रताप सिंह ने बताया कि देर रात हुई बारिश और तेज हवा से गेहूं की फसलें गिर गई हैं, जिससे काफी नुकसान हुआ है। गांव के दीपू सिंह ने बताया कि उनकी पकी हुई गेहूं की फसल कटाई के लिए तैयार थी, लेकिन बारिश से वह भी गिर गई।
रावतपुर निवासी फूनी सिंह की साढ़े तीन बीघा गेहूं की फसल और दो बीघा चने की पकी हुई फसल भी प्रभावित हुई है। दुकानदार पासवान और मोती सिंह की सरसों की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। बड़ा खेड़ा गांव के अयोध्या प्रसाद निषाद ने बताया कि उनकी पांच बीघा हरी गेहूं की फसल भी गिर गई है।
रानीपुर गांव के रामबरन सिंह गौतम ने बताया कि आलू की फसल खोदने की तैयारी चल रही थी, लेकिन बारिश के कारण खुदाई का काम प्रभावित हुआ है। किसानों ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जल्द से जल्द पकी हुई फसलों की कटाई कर सुरक्षित कर लेना चाहिए, अन्यथा और बारिश होने पर बचा हुआ भी नष्ट हो सकता है। इस संबंध में कृषि अधिकारी ने बताया कि बेमौसम बारिश से हुए फसलों के नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, लगभग 20 प्रतिशत फसलों को नुकसान पहुंचा है।

Leave a Reply