उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक पत्रकार का शव उसके किराए के मकान में मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिमन्यु मांगलिक मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के पटेल नगर स्थित सप्लाई ऑफिस के पीछे एक किराए के मकान में हुई। पीआरबी 6262 द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि कमरे में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। मृतक की पहचान विवेक राज मिश्रा पुत्र रामराज मिश्रा के रूप में हुई है, जो बांदा जिले के अध्ययन थोक, तिंदवारा थाना कोतवाली नगर के निवासी थे। वह एक दैनिक समाचार पत्र में पत्रकारिता करते थे और राजू मिश्रा पुत्र भोला प्रसाद मिश्रा के किराए के मकान में रहते थे। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक विवेक राज मिश्रा काफी समय से शुगर की बीमारी से ग्रसित थे और उनका इलाज चल रहा था। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक के परिजनों को मौके पर बुलाया जा रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Leave a Reply