फतेहपुर के गाजीपुर थाना क्षेत्र के बड़ागांव में 35 वर्षीय राजा यादव ने आम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने उसका शव पेड़ से लटका देखा, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। राजा यादव जम्मू में नीलकमल कंपनी में मजदूरी करता था और फरवरी में एक पारिवारिक शादी के लिए गांव आया था। बुधवार रात घर पर खाना खाने के दौरान उसका अपनी पत्नी केशकली से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद राजा घर से चादर लेकर बाहर चला गया था। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे जंगल की ओर जा रहे ग्रामीणों ने रामानुज द्विवेदी के बाग में एक आम के पेड़ से राजा का शव लटका हुआ देखा। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। मृतक राजा यादव पुत्र रतिराम यादव के परिवार में उसकी पत्नी केशकली और चार बच्चे-18 वर्षीय कुलदीप, काजल, लक्ष्मी और संदीप हैं। सूचना मिलने पर गाजीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी हनुमान प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिजनों और ग्रामीणों ने भी इस मामले को संदिग्ध बताया है।

Leave a Reply