फतेहपुर जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में रिलायंस जियो के एक मोबाइल टावर में आग लग गई। आग लगने से टावर का केबिन धू-धूकर जल गया, जिससे आसपास के इलाकों में नेटवर्क सेवाएं बाधित हो गईं। घटना के समय मौके पर मौजूद टेक्नीशियन ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण वह खुद को सुरक्षित रखते हुए नीचे उतर आया। आग लगने से टावर के केबिन का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो गया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में जियो का नेटवर्क पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे उपभोक्ताओं को फोन कॉल और इंटरनेट सेवाओं में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। स्थानीय निवासी मनोज कुमार ने बताया कि टावर के उपकरण जल जाने के कारण फोन नहीं लग पा रहा है और इंटरनेट चलाने में भी समस्या आ रही है।

Leave a Reply