पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के फोरलेन स्थित आरओबी के समीप गुरुवार की देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर ने सवारी से भरे ऑटो में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद फोरलेन पर करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे हटाने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इट भट्ठे में काम करने वाले पप्पू कुमार ने बताया कि फतुहा के मालबीघा गांव के कुछ निवासी वैशाली जिले के राघोपुर (मिर्जापुर) स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। गुरुवार की शाम करीब सात-आठ लोग एक ऑटो पर सवार होकर अपने गांव मालबीघा से राशन और अन्य जरूरी सामान लेकर वापस भट्ठे पर जा रहे थे। आमने सामने हुई थी टक्कर जैसे ही ऑटो फोरलेन आरओबी से पटना की ओर मुड़ा, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इस हादसे में मालबीघा निवासी 35 वर्षीय मितरंजन मांझी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायलों में शरीफा देवी (45 वर्ष),योगेंद्र मांझी (40 वर्ष) और ऑटो चालक भूषण कुमार (35 वर्ष) शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही फतुहा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई शुभम कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए पटना के एनएमसीएच भेजा है, वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। हादसे के बाद चालक फरार हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और कंटेनर को जब्त कर लिया है। इधर, जैसे ही घटना की खबर परिजनों तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्वजनों का कहना है कि घर के कमाऊ सदस्यों के साथ हुए इस हादसे ने उनकी दुनिया उजाड़ दी है। पुलिस फिलहाल मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी है।
https://ift.tt/VyK6GCB
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply