मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाना क्षेत्र में प्रेमी की पिटाई मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की। यह घटना 24 मार्च की है। खतौली क्षेत्र का एक युवक सराय रसूलपुर गांव में अपनी परिचित युवती से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान युवती के परिजनों और कुछ अन्य युवकों ने उसे पकड़ लिया और बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने इस घटना का वीडियो भी बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में युवक को घेरकर पीटते हुए देखा गया। वह हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता रहा और दोबारा गांव में न आने की गुहार लगाता रहा। इसके बावजूद आरोपी उसे लगातार थप्पड़ मारते रहे और मारपीट करते रहे। घटना के बाद घायल युवक किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिजनों को पूरी बात बताई। पीड़ित के पिता ने मंसूरपुर थाने में तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सराय रसूलपुर निवासी कैफ, सुहैल और सलमान नामक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपी पुलिस के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए, जिसका वीडियो भी सामने आया है। क्षेत्राधिकारी खतौली, रामाशीष यादव ने बताया कि वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेकर मुकदमा दर्ज किया गया था और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply