लखनऊ के विकासनगर इलाके में प्री-स्कूल संचालिका को मनचलों ने परेशान कर दिया। स्कूल के बैनर व बोर्ड को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर नंबर वायरल कर दिया। जिसके बाद उनके पास आधी रात को अश्लील कॉल और चैट आने लगे। पीड़िता ने तंग आकर मामले की शिकायत साइबर सेल और स्थानीय थाने में दर्ज कराई है। विकासनगर सेक्टर-5 स्थित प्री-स्कूल की संचालिका ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके स्कूल के आधिकारिक बैनर और ग्लो साइन बोर्ड की तस्वीरें सोशल मीडिया के कई प्लेटफॉर्म्स पर पोस्ट कर दी। इन पोस्ट्स में स्कूल का नाम और फोन नंबर साफ दिखाई दे रहा है। इसके बाद से पोस्ट्स पर भद्दे और आपत्तिजनक कमेंट्स आने लगे। साथ ही उनके पास 2 मार्च से लगातार अश्लील और फर्जी कॉल्स आ रही हैं। पाकिस्तान से आ रहे कॉल संचालिका का कहना है कि देर रात 2 बजे तक भी लोग कॉल कर मजाक और अभद्र बातें करते हैं। इसके अलावा कुछ कॉल्स पाकिस्तान व अन्य जगहों से आ रहे हैं। इससे न सिर्फ उनकी और 10 साल पुरानी संस्था की छवि भी खराब हो रही है। पीड़िता ने बताया कि साइबर सेल में शिकायत के बाद कुछ प्लेटफॉर्म्स से पोस्ट हटवाए गए हैं, लेकिन कई जगह अभी भी पोस्ट मौजूद हैं। जिससे कॉल्स का सिलसिला थम नहीं रहा है। पीड़िता का कहना है जल्द से जल्द सभी आपत्तिजनक पोस्ट हटवाए जाएं और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मामले में एसओ आलोक सिंह का कहना मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है।

Leave a Reply