![]()
प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर डीएम सख्त:जालौन में की बैठक, बढ़ी फीस लौटाने और NCERT किताबें लागू करने के दिए निर्देश
जालौन में प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में उन्होंने स्कूल संचालकों, प्रिंसिपलों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने हाल ही में बढ़ाई गई स्कूल फीस को लेकर कड़ा रुख दिखाया। उन्होंने सभी स्कूल संचालकों को निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों ने छात्र-छात्राओं से बढ़ी हुई फीस वसूली है, वे उसे या तो अभिभावकों को वापस करें या अगले माह की फीस में समायोजित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि मनमाने ढंग से फीस बढ़ाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, जिलाधिकारी ने एनसीईआरटी की किताबों को अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई विद्यालय छात्रों को अतिरिक्त या निजी प्रकाशकों की किताबें खरीदने के लिए बाध्य करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। छात्रों और अभिभावकों को राहत देने के उद्देश्य से 15 अप्रैल को राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में एक पुस्तक मेले का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें एनसीईआरटी की किताबों पर 10 से 15 प्रतिशत की छूट मिलेगी। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि आईसीएसई, सीबीएसई और यूपी बोर्ड से संचालित किसी भी विद्यालय को इस सत्र में फीस बढ़ाने की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्कूल ने पिछले पांच वर्षों के भीतर यूनिफॉर्म में बदलाव किया है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में जो ड्रेस संचालित है, वही जारी रहेगी। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित और बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्र प्रकाश को निर्देश दिए गए कि वे अपनी-अपनी टीमों के माध्यम से स्कूलों की नियमित जांच करें। यदि किसी विद्यालय के खिलाफ शिकायत मिलती है, तो तत्काल सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस महत्वपूर्ण बैठक में मॉर्निंग स्टार, एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल, रामश्री पब्लिक स्कूल, विनायक एकेडमी सहित जिले के कई विद्यालयों के संचालक और प्रिंसिपल उपस्थित रहे। प्रशासन की इस सख्ती से अभिभावकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply