प्रयागराज में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने नव संवत्सर (विक्रम संवत 2083) और होली मिलन समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर व्यापारियों ने संगीत और भजनों के साथ नूतन वर्ष का स्वागत किया। कार्यक्रम में ऋतु परिवर्तन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वदेशी व्यापार को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष लालू मित्तल ने की। उन्होंने अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्रम और माल्यार्पण कर किया। अपने संबोधन में मित्तल ने कहा कि हिंदू नव वर्ष केवल कैलेंडर का बदलना नहीं, बल्कि प्रकृति के पुनर्जन्म का उत्सव है। उन्होंने पुरानी कुरीतियों को छोड़कर नई ऊर्जा और संकल्प के साथ राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया। मित्तल ने व्यापारियों से स्वदेशी वस्तुओं के व्यापार को बढ़ावा देने का आग्रह भी किया।
मुख्य अतिथि पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने व्यापारियों को उज्ज्वल भविष्य और प्रगति की शुभकामनाएं दीं। विशिष्ट अतिथि संरक्षक महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरि ने उपस्थित महिलाओं को अबीर-गुलाल का तिलक लगाकर आशीर्वाद दिया। जिला महिला अध्यक्ष रत्ना जायसवाल के नेतृत्व में महिलाओं ने होली और नव संवत्सर के गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया। गंगापार अध्यक्ष राजेंद्र केशरवानी ‘पप्पू’ ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल की प्रेरणा से यह पर्व पूरे प्रदेश में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मंडल ने ग्राहकों और व्यापारियों के लिए विशेष छूट योजना की भी घोषणा की। कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रभारी विपिन गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय अवस्थी, महामंत्री रवि शर्मा, रामबाबू केसरवानी, मीनू गुप्ता, डॉ. रश्मि शुक्ला, रेनू राजसिंह, अर्चना, निधि केशरवानी, उषा गुप्ता, श्वेता मित्तल, नामित पार्षद पिंटू नेता, प्रदीप साहू और दिलीप केसरवानी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply