DniNews.Live

प्रयागराज में रेलवे फुटबॉल लीग डीएसए ग्राउंड में शुरू:उद्घाटन मैच में प्रयागराज मंडल की 5-0 से जीत, RPF को हराया

प्रयागराज के डीएसए ग्राउंड में बुधवार को अंतर मंडलीय रेलवे फुटबॉल लीग चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ हुआ। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) रजनीश अग्रवाल ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मंडल क्रीड़ा अधिकारी एवं मंडल वित्त प्रबंधक शैलेन्द्र कुमार सिंह सहित कई अधिकारी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद खेले गए पहले मुकाबले में प्रयागराज मंडल की टीम ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को 5-0 से हराया। प्रयागराज की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए शुरुआत से ही विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। टीम के बेहतर तालमेल और अनुशासित खेल ने दर्शकों को प्रभावित किया।
इस मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राकेश यादव जूनियर को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। कबीर खान, योगेश चंद और विवेक ने निर्णायक मंडल के रूप में मैच का संचालन किया। कार्यक्रम का संचालन मंडल क्रीड़ा सचिव धर्मेंद्र कुमार निषाद और राकेश मिश्रा ने किया। इस अवसर पर सुरेश शर्मा, सुशील ओझा, राजेश कुमार, जफर आलम और अभिषेक सहित कई खिलाड़ी और खेल अधिकारी भी उपस्थित थे। प्रतियोगिता के तहत बुधवार को दूसरा मुकाबला झांसी वर्कशॉप और उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, प्रयागराज की टीमों के बीच शाम 4 बजे से खेला जाएगा। इस लीग में प्रयागराज मंडल, झांसी मंडल, उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, रेलवे सुरक्षा बल और झांसी कारखाना की टीमें भाग ले रही हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करती हैं। साथ ही, ये कर्मचारियों के बीच खेल भावना, आपसी समन्वय और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *