DniNews.Live

प्रयागराज में फैली पेट्रोल खत्म होने की अफवाह:पेट्रोल पंपों पर उमड़ी तेल भरवाने को भीड़, BPCL ने कहा- आपूर्ति सामान्य

प्रयागराज शहर में बुधवार शाम अचानक पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह फैलने से सिविल लाइंस, खुल्दाबाद, सुलेम सराएं समेत कई इलाकों के पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्थिति यह हो गई कि लोग अपने वाहनों की टंकियां फुल कराने के साथ-साथ डिब्बों और बोतलों में भी ईंधन भरवाने पहुंच गए। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण पेट्रोल पंप कर्मियों को व्यवस्था संभालने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पंपों के बाहर लंबी कतारें लग गईं और कई स्थानों पर वाहन सड़क तक खड़े हो गए, जिससे यातायात प्रभावित होने लगा। सिविल लाइंस और आसपास के प्रमुख मार्गों पर जाम जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर अनावश्यक भीड़ को हटाया। इसके बाद धीरे-धीरे आवागमन सुचारु हो सका। इस पूरे घटनाक्रम के बीच, Bharat Petroleum ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर स्पष्ट किया कि पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहें पूरी तरह निराधार हैं। कंपनी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि देशभर में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। बीपीसीएल ने यह भी जानकारी दी कि भारत पेट्रोल और डीजल का शुद्ध निर्यातक देश है तथा कच्चे तेल, पेट्रोल, डीजल और एटीएफ के पर्याप्त भंडार उपलब्ध हैं। सभी आपूर्ति श्रृंखलाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं और कहीं भी किसी प्रकार की कमी नहीं है। कंपनी ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, घबराएं नहीं और अनावश्यक रूप से ईंधन की खरीदारी से बचें। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की अफवाहें अक्सर अस्थायी अव्यवस्था पैदा कर देती हैं, जिससे आम लोगों को ही परेशानी होती है। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे संयम बरतें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल की खरीदारी करें, ताकि व्यवस्था सामान्य बनी रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *