DniNews.Live

प्रयागराज में नकली नोट गिरोह का खुलासा, 4 गिरफ्तार:भदोही का गुमशुदा युवक राहुल यादव भी पकड़ा गया, 1.18 लाख के नोट जब्त

प्रयागराज पुलिस ने नकली नोटों के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में भदोही के सराय कंसराय निवासी राहुल यादव भी शामिल है, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले थाना कर्नलगंज, प्रयागराज में दर्ज कराई गई थी। राहुल यादव पुत्र राजकुमार यादव, निवासी सराय कंसराय, थाना दुर्गागंज, जनपद भदोही, प्रयागराज के छोटा बघाड़ा क्षेत्र में किराए के कमरे में रहता था। वह वैगनआर गाड़ी चलाता था। वह 28 मार्च 2026 को सुबह लगभग 10:20 बजे अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश के बाद थाना कर्नलगंज में उसकी गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराया था। इसी क्रम में, 30 मार्च की रात थाना सरायइनायत और एसओजी/सर्विलांस सेल गंगानगर की संयुक्त पुलिस टीम ने हबूसा मोड़ के पास घेराबंदी कर चार आरोपियों को नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में राहुल यादव के अतिरिक्त भदोही के सुरियावां थाना क्षेत्र के गोकूलपट्टी निवासी विवेक कुमार यादव, देवरिया निवासी नरेंद्र यादव उर्फ विराट और धर्मेंद्र कुमार शामिल हैं। नकली नोट छापने के उपकरण बरामद पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 1 लाख 18 हजार 300 रुपये के नकली नोट बरामद किए। इनमें 500 रुपये के 200 नोट और 100 रुपये के 183 नोट शामिल हैं। इसके अलावा, एक वैगनआर कार, एक पल्सर मोटरसाइकिल, एक लैपटॉप, दो प्रिंटर, पांच मोबाइल फोन और नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं। पूछताछ में पता चला कि यह गिरोह नकली नोट बनाकर छोटे ग्रामीण बाजारों में खपाने की तैयारी में था। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का संचालन देवरिया निवासी विवेक यादव पुत्र अवध बिहारी यादव के निर्देश पर किया जा रहा था, जिसकी तलाश अभी जारी है। इस मामले में थाना सरायइनायत में मुकदमा संख्या 71/2026 धारा 178, 179 और 180 भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *