प्रयागराज के फाफामऊ स्थित न्यू लाइफ लाइन हॉस्पिटल से एक डॉक्टर की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। यह पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। इस वारदात ने शहर में चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पीड़ित डॉक्टर एस.बी. यादव ने फाफामऊ थाने में अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। डॉक्टर ने बताया कि वे रोज की तरह अस्पताल में अपनी ड्यूटी पर थे और उनकी बाइक अस्पताल परिसर में खड़ी थी। इसी दौरान अज्ञात चोर मौके का फायदा उठाकर उनकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एक अज्ञात चोर सुनियोजित तरीके से अस्पताल परिसर में दाखिल हुआ। उसने पहले इधर-उधर नजर दौड़ाकर स्थिति का जायजा लिया, फिर बड़ी ही सफाई से बाइक का लॉक तोड़कर उसे लेकर निकल गया। यह पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फाफामऊ थाना पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की भी बात कही है, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply