प्रयागराज में देर रात से हल्की बूंदाबांदी जारी है। शुक्रवार सुबह भी तेज गड़गड़ाहट के साथ बारिश हुई। बमरौली, फाफामऊ, नैनी और तेलियरगंज जैसे इलाकों में सुबह से तेज बारिश दर्ज की गई। कुछ जगहों पर तेज हवा के साथ बारिश होने से मौसम अचानक बदल गया और तापमान में करीब 5 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। मौसम विभाग का अलर्ट मौसम विभाग के अनुसार सुबह 9 से 12 बजे के बीच कई जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम दर्जे का तूफान आने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में बिजली गुल तेज हवा के चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई, प्रयागराज के झूंसी, अंदावा, गोविंदपुर, तेलियरगंज समेत कई इलाकों में घंटों से बिजली गुल रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ जगहों पर पेड़ की डालियां गिरने और तारों में फॉल्ट आने की भी सूचना है। पीलीभीत, अमरोहा, बिजनौर, मेरठ, भदोही, मिर्जापुर और प्रयागराज समेत कई जिलों में सुबह से तेज बारिश हुई। ग्रामीण इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसानों की बढ़ी चिंता इस समय खेतों में गेहूं, चना, सरसों और मसूर की फसलें पककर तैयार खड़ी हैं। लगातार बारिश और बूंदाबांदी से किसानों को डर है कि उनकी फसल खराब हो सकती है। गेहूं की फसल गिरने और दाने खराब होने का खतरा है, वहीं सरसों और चना में नमी बढ़ने से नुकसान हो सकता है। सुबह से आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और लगातार गड़गड़ाहट हो रही है। इसलिए किसानों की चिंता बढ़ी हुई है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि इस समय हल्की बारिश भी फसलों के लिए नुकसानदायक हो सकती है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे कटाई में तेजी लाएं और कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखकर तिरपाल से ढक दें। मौसम के इस बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है और अब सभी की नजर आने वाले दिनों के मौसम पूर्वानुमान पर टिकी हुई है।

Leave a Reply