DniNews.Live

प्रयागराज में ईद की नमाज सादगी के साथ अदा हुई:हजारों नमाजियों ने मांगी मुल्क की तरक्की और अमन-चैन की दुआ

संगम नगरी में ईद-उल-फितर के मौके पर शहरभर में अकीदत और एहतराम के साथ ईद की नमाज अदा की गई। सुबह से ही ईदगाह और प्रमुख मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने एक साथ सजदे में झुककर मुल्क की तरक्की, खुशहाली और अमन-चैन के लिए दुआ मांगी। फूलों की बारिश से नमाजियों का स्वागत किया गया। शहर के ईदगाह में हजारों की संख्या में नमाजियों ने ईद की विशेष नमाज अदा की। इसके अलावा जामा मस्जिद, हरी मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों में भी बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज पढ़ी। नमाज के दौरान पूरे क्षेत्र में भाईचारे और एकता का संदेश गूंजता रहा। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कुछ बच्चों ने भी नमाज के बाद एक दूसरे के गले मिलकर बधाई दी। लोगों ने अपने घरों और मोहल्लों में सेवइयों से मेहमाननवाजी कर खुशियों को साझा किया। ईद के मौके पर सामाजिक सौहार्द की मिसाल भी देखने को मिली। कई स्थानों पर समाजसेवियों ने नमाजियों को गुलाब के फूल भेंट कर बधाई दी। ईदगाह के बाहर कुछ संस्थाओं द्वारा फूलों की वर्षा कर लोगों का स्वागत किया गया, जिससे माहौल और भी खुशनुमा हो गया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शहर में जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया था। ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई और वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए रहे। प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, पूरे शहर में नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। धर्मगुरुओं ने नमाज के दौरान लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और शांति कायम रखने की अपील की। वहीं अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए शिया समुदाय के लोगों ने सादगी के साथ ईद की नमाज अदा की और विश्व शांति के लिए विशेष दुआएं मांगीं।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *