आगरा के प्रभारी मंत्री व यूपी के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह 30 मार्च को आ रहे हैं। वे जैन मंदिर के पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के शिलान्यास के साथ ही जिले की कानून व्यवस्था व विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। वे लगभग 6 घंटे तक आगरा में रहेंगे। ये रहेगा प्रभारी मंत्री का कार्यक्रम
कार्यक्रम के मुताबिक, प्रभारी मंत्री सुबह 11 बजे एत्मादपुर पहुंचेंगे। यहां वे जैन मंदिर के विकास कार्यों एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास तथा भूमि पूजन करेंगे। इसके बाद दोपहर लगभग 12 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे। यहां आरएसएस के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। दोपहर 12.30 बजे से जनप्रतिनिधियों, भाजपा व सहयोगी दलों के पदाधिकारियों के साथ मुलाकात करेंगे। दोपहर 1 बजे से जिले की कोर कमेटी के साथ बैठक करेंगे। दोपहर 1.30 बजे से दोपहर 2 बजे तक का समय आरक्षित रखा गया है। 2 बजे से शाम 4.30 बजे तक जिले के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। इसके बाद वे शाम को 5 बजे लखनऊ के रवाना हो जाएंगे। इससे पहले प्रभारी मंत्री 27 फरवरी को आगरा आए थे। तब उन्होंने ताजनगरी स्थित गीता गोविंद वाटिका का शुभारंभ किया था। प्रभारी मंत्री ने आगरा के ताजगंज फेस-2, जोनल पार्क में 12.41 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस गीता-गोविंद वाटिका का लोकार्पण किया। गीता-गोविंद वाटिका में ब्रज की संस्कृति की छटा बिखेर रही है। यहां न सिर्फ श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित फाउंटेशन शो हो रहा है बल्कि गीता के उपदेशों को भी शिलालेख पर उकेरा गया है। महाभारत के कुरुक्षेत्र के दृश्य को भी विभिन्न मूर्तियों और आकृतियों से सजीव करने का प्रयास किया गया है। यहां हर शाम को लाइट एंड साउंड के साथ फाउंटेशन के दो शो होंगे।

Leave a Reply