DniNews.Live

प्रधानाध्यापक को बीएसए दफ्तर में पड़ा दिल का दौरा:एंबुलेंस नहीं मिली, ई-रिक्शा से लाए जिला अस्पताल, लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर

बाराबंकी में प्रधानाध्यापक धर्मराज गौतम को बीएसए कार्यालय में ही दिल का दौरा पड़ गया। उन्हें गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। सिरौलीगौसपुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बदोसराय-1 में तैनात धर्मराज ने उत्पीड़न और जातिगत अपमान का आरोप लगाया था। इसे लेकर उन्होंने अफसरों से शिकायत भी की थी। पीड़ित की पत्नी के प्रार्थना पत्र के अनुसार, विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक नियमित रूप से विद्यालय नहीं आते थे। जब उनके पति प्रधानाध्यापक धर्मराज उन्हें विद्यालय आने के लिए कहते थे, तो विवाद करने लगते। पत्नी का कहना है कि पति को जातिगत टिप्पणी कर अपमानित किया जाता था और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां दी जाती थीं। बुधवार को धर्मराज अपनी शिकायत को लेकर बीएसए कार्यालय पहुंचे जहां उन्हें फटकार का सामना करना पड़ा। इसी दौरान अचानक दिल का दौरा पड़ा और वह बेहोश होकर गिर पड़े। परिजनों का आरोप है कि हालत गंभीर होने के बावजूद उन्हें तत्काल एंबुलेंस नहीं मिली। ई-रिक्शा व ऑटो से जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। परिवार का कहना है कि यदि धर्मराज को कुछ भी होता है तो इसकी जिम्मेदारी प्रताड़ित करने वाले लोगों और अधिकारियों की होगी। वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने बताया कि शिक्षक की पत्नी एक दिन पहले कार्यालय आई थीं और एक प्रार्थना पत्र दिया था, जिसमें उनके पति को विद्यालय में प्रताड़ित किए जाने के आरोप लगाए गए थे। इस पर खंड शिक्षा अधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने बताया कि बुधवार को शिक्षक अपनी पत्नी के साथ दोबारा कार्यालय आए और जांच अधिकारी बदलने व स्थानांतरण की मांग की। इसी दौरान शिक्षक ने असहजता महसूस होने की बात कही और उनकी तबीयत बिगड़ गई।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *