प्रतापगढ़ में लुका-छिपी खेलते समय बच्ची की मौत:बेड बॉक्स में मिली दो साल की मासूम, ऑक्सीजन की कमी से मौत की आशंका
![]()
प्रतापगढ़ में लुका-छिपी खेलते समय बच्ची की मौत:बेड बॉक्स में मिली दो साल की मासूम, ऑक्सीजन की कमी से मौत की आशंका
प्रतापगढ़ के रानीगंज थाना क्षेत्र के दुर्गागंज जयरामपुर गांव में रविवार को दो वर्षीय बच्ची शाकिर राइन की बेटी घर में लुका-छिपी खेलते समय अचानक लापता हो गई। परिजनों ने घर के सभी कमरे, छत, आंगन और आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चला। परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। घंटों की खोजबीन के बाद परिजनों ने घर के अंदर बारीकी से जांच की। इसी दौरान कमरे में रखे बेड बॉक्स को खोला गया, तो बच्ची अचेत अवस्था में पड़ी मिली। बेड बॉक्स में छिपने से हुई मौत की आशंका परिवार का अनुमान है कि बच्ची खेलते समय बेड बॉक्स में छिप गई होगी। बॉक्स के ऊपर भारी गद्दा और बिस्तर रखे होने के कारण हवा का आवागमन बंद हो गया, जिससे ऑक्सीजन की कमी के कारण बच्ची बेहोश हो गई। परिजनों ने आनन-फानन में बच्ची को पहले निजी अस्पताल ले जाया, जहां से उसे रानीगंज ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
