प्रतापगढ़ के लालगंज इलाके में खेत की जुताई के दौरान एक पांच वर्षीय बच्चे की रोटावेटर की चपेट में आने से मौत हो गई। बच्चा ट्रैक्टर पर बैठा था और अचानक नीचे गिरकर रोटावेटर में फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। यह घटना लालगंज कोतवाली क्षेत्र के अगई मनऊ का पुरवा गांव की है। शुक्रवार को एक व्यक्ति अपने पांच वर्षीय नाती को ट्रैक्टर पर बैठाकर खेत की जुताई कर रहा था। जुताई के दौरान बच्चा अचानक ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और पीछे लगे रोटावेटर की चपेट में आ गया। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने इस घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी और जल्दबाजी में बच्चे के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। बाद में मौके पर पहुंचे ननिहाल पक्ष के लोगों ने इसे केवल एक हादसा मानने से इनकार कर दिया है। उन्होंने मामले को संदिग्ध बताते हुए घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए जांच की मांग की है। लालगंज के प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि उन्हें इस घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि यदि इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त होती है, तो मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply