प्रतापगढ़ में युवक की गोली मारकर हत्या:प्रधान के साथ मंदिर जा रहा था युवक, पुरानी रंजिश में वारदात
![]()
प्रतापगढ़ में युवक की गोली मारकर हत्या:प्रधान के साथ मंदिर जा रहा था युवक, पुरानी रंजिश में वारदात
प्रतापगढ़ के अंतू थाना क्षेत्र में शनिवार शाम करीब 6 बजे बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। अंतू थाना क्षेत्र के डुहिया महमदपुर गांव निवासी 35 वर्षीय पंकज शुक्ला गांव के प्रधान के साथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रेबी रजानीपुर गांव के पास रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और गोली मार दी। गोली उनके कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली और कोहड़ौर थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी पर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, सीओ सिटी प्रशांत राज हुड्डा समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। मृतक पंकज शुक्ला दो भाइयों में सबसे बड़े थे। परिवार में चार बहनों की शादी हो चुकी है। वह अपने पीछे पत्नी और 8 वर्षीय बेटे शिवाय शुक्ला को छोड़ गए हैं। भाई अंकित शुक्ला ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते उनके भाई की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि गांव में सरकारी जमीन पर छज्जा निकालने को लेकर विवाद चल रहा था, जिसका वे लोग विरोध करते थे। इसी बात को लेकर विपक्षी लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे थे। आरोप है कि सनी तिवारी, विवेक पांडे, विकास पांडे, श्याम शुक्ला और विपिन तिवारी समेत अन्य लोग इस वारदात में शामिल हैं। सीओ सिटी प्रशांत राज हुड्डा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
