प्रतापगढ़ में महिला की संदिग्ध मौत:ससुराल पर प्रताड़ना का आरोप, पांच के खिलाफ केस दर्ज
![]()
प्रतापगढ़ में महिला की संदिग्ध मौत:ससुराल पर प्रताड़ना का आरोप, पांच के खिलाफ केस दर्ज
प्रतापगढ़ के बाघराय थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के भाई कमलेश कुमार यादव की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह घटना बाघराय थाना क्षेत्र के मलाक तिलाई गांव की है। धर्मराज यादव की 40 वर्षीय पत्नी अर्चना देवी ने शुक्रवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पारिवारिक कलह को इसका कारण बताया जा रहा है। परिजन उन्हें इलाज के लिए प्रयागराज ले गए थे, जहां उनकी मौत हो गई।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिवार में शोक की लहर फैल गई। मृतका के भाई ने ससुरालवालों पर बहन को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी। उन्होंने चेतावनी दी कि आरोपियों पर कार्रवाई होने तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। पुलिस ने किया मामला दर्ज
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। एसओ श्रवण कुमार ने तहरीर स्वीकार करते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शव को श्रृंगवेरपुर गंगा घाट ले गए।
पुलिस के अनुसार, मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर पति, सास, ससुर, देवर और देवरानी सहित पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
