DniNews.Live

प्रतापगढ़ में पुलिस-बदमाश मुठभेड़:25 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर को गोली लगी, सिपाही भी घायल

प्रतापगढ़ में पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर विपिन सिंह के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान हिस्ट्रीशीटर के पैर में गोली लगी, जबकि एक सिपाही राजकुमार सिंह भी घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सीएचसी लालगंज भेजा गया है। यह मुठभेड़ लीलापुर और लालगंज थाना क्षेत्रों में लूट और चेन स्नैचिंग के मामलों से जुड़ी थी। पुलिस के अनुसार, थाना संग्रामपुर, जनपद अमेठी का हिस्ट्रीशीटर विपिन सिंह आठ मुकदमों में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पूछताछ में आरोपी ने हाल ही में हुई चेन स्नैचिंग की घटना में इस्तेमाल तमंचा, कारतूस और लूटी गई पीली धातु की चेन का एक हिस्सा ग्राम कमौरा के पास सई नदी किनारे झाड़ियों में छिपाने की बात कबूल की। लीलापुर पुलिस टीम आरोपी को बरामदगी के लिए मौके पर ले गई। इसी दौरान आरोपी ने झाड़ियों में छिपाए गए तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिससे आरक्षी राजकुमार सिंह घायल हो गए। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें विपिन सिंह के बाएं पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए। यह घटना प्रतापगढ़ के लीलापुर थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पूरनपुर खजूर में हुई थी। नगर कोतवाली क्षेत्र के अष्टभुजा नगर निवासी शिक्षिका माया सिंह स्कूल में बच्चों को पढ़ा रही थीं, तभी बाइक सवार दो बदमाश कक्षा में घुस आए। उन्होंने तमंचा सटाकर शिक्षिका से चेन छीनने का प्रयास किया। शिक्षिका ने बहादुरी दिखाते हुए बदमाशों का विरोध किया और चेन पकड़ ली। छीना-झपटी में चेन टूट गई, जिससे आधी चेन बदमाश लेकर फरार हो गए, जबकि आधी शिक्षिका के पास रह गई। इस घटना से स्कूल के बच्चे सहम गए थे। मामले में शिक्षिका के ससुर उदेरज बहादुर सिंह ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *