प्रतापगढ़ के पूर्व एमएलसी आनंद भूषण सिंह का बुधवार दोपहर लखनऊ में निधन हो गया। वे पिछले कुछ महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे और राजधानी के एक अस्पताल में उनका इलाज जारी था। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि बब्बू राजा लंबे समय से शुगर की बीमारी से जूझ रहे थे। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी, जिसके चलते उन्हें लखनऊ में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। आनंद भूषण सिंह प्रतापगढ़ की राजनीति के एक मजबूत और प्रभावशाली चेहरे के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं को उठाने में अहम भूमिका निभाई। अपनी सरलता, मिलनसार स्वभाव और जनता के प्रति समर्पण के कारण वे काफी लोकप्रिय थे। शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं में विशेष योगदान उनके निधन की सूचना मिलते ही उनके आवास पर शोक व्यक्त करने वालों की भीड़ जुटने लगी। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और आम लोगों ने गहरा दुख जताते हुए इसे प्रतापगढ़ की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया। स्थानीय नेताओं ने कहा कि बब्बू राजा हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझते और उनके समाधान के लिए तत्पर रहते थे। वे एक जननेता के साथ-साथ समाजसेवी भी थे। शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विकास में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। 2019 में किया था राजा भैया की पार्टी का समर्थन राजनीतिक सफर की बात करें तो उन्होंने 1992-93 में कांग्रेस से गड़वाड़ा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, जिसमें भाजपा के रमेश सिंह विजयी हुए थे। इसके बाद वर्ष 2004 में वे निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में निर्विरोध एमएलसी चुने गए। 2019 के लोकसभा चुनाव में राजा भैया की पार्टी का समर्थन किया था। नगर निकाय चुनाव के नजदीक आने पर सपा ज्वाइन कर ली थी। परिवार में उनके पुत्र यशवर्धन सिंह और दो पुत्रियां हैं। परिवारजनों के अनुसार उनका पार्थिव शरीर बुधवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच प्रतापगढ़ स्थित उनके शहरी आवास पर लाया जाएगा, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ जुटने की संभावना है। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार पैतृक क्षेत्र में पूरे सम्मान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया जाएगा। प्रतापगढ़ के एमएलसी कुँवर अक्षय प्रताप सिंह ने भी उनके निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

Leave a Reply