DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

पैरा बैडमिंटन में दिव्यांग खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन, चलन-बाधित वर्ग-3 में दरभंगा के राकेश अव्वल

सिटी रिपोर्टर| समस्तीपुर बिहार पारा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में जिला प्रशासन एवं जिला बैडमिंटन संघ समस्तीपुर के सहयोग से शहर के पटेल मैदान इंडोर हॉल में आयोजित 24वीं राज्य स्तरीय बिहार राज्य पैरा बैडमिंटन प्रतियोगिता–2026 रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। प्रतियोगिता में बिहार के 29 जिलों से आए 72 दिव्यांग खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर विभिन्न वर्गों के कनिष्ठ एवं वरिष्ठ समूहों में अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे दिन चले रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और अदम्य साहस का परिचय दिया, जिसे उपस्थित दर्शकों और खेल प्रेमियों ने खूब सराहा। प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए। व्हीलचेयर वर्ग में खगड़िया के सुमित कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मुंगेर के प्रीतम द्वितीय स्थान पर रहे। व्हीलचेयर वर्ग–3 में पूर्णिया के आशुतोष कुमार विजेता बने। चलन-सहायक वर्ग (कनिष्ठ) में सासाराम के आशीष रंजन ने पहला स्थान हासिल किया। चलन-बाधित वर्ग-3 में दरभंगा के राकेश कुमार प्रथम तथा समस्तीपुर के हेमंत कुमार द्वितीय स्थान पर रहे। चलन-बाधित वर्ग-4 (कनिष्ठ) में पूर्वी चंपारण के अभिनय ने बाजी मारी, जबकि चलन-बाधित वर्ग-4 (वरिष्ठ) में खगड़िया के अंकित कुमार प्रथम और समस्तीपुर के अमर भूषण प्रकाश द्वितीय स्थान पर रहे। इसके अलावा लघु कद वर्ग में गया के संतोष कुमार ने प्रथम तथा मुजफ्फरपुर के अभ्युदय शरण ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर अतिथियों ने खिलाड़ियों के उत्साह और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं दिव्यांग खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को नई ऊर्जा देती हैं और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करती हैं। आयोजन समिति ने सभी खिलाड़ियों, सहयोगियों और उपस्थित खेल प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।


https://ift.tt/78UNrZl

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *