लखनऊ में तैनात एक एसआई के पैन कार्ड का दुरुपयोग कर फर्जी फर्म बनाकर करोड़ों रुपए के लेनदेन का मामला सामने आया है। आयकर विभाग की तरफ से नोटिस मिलने के बाद पीड़ित को जानकारी हुई। इसके बाद बीबीडी थाने में शिकायत दर्ज कराई। मुजफ्फरनगर के तितावी निवासी धर्मेन्द्र कुमार लखनऊ के बीबीडी थाने में एसआई के पद पर तैनात हैं। धर्मेंद्र ने बताया कि उन्हें इनकम टैक्स की तरफ से 17 फरवरी नोटिस प्राप्त हुआ। नोटिस से पता चला कि साल 2017-18 में उनके पैन कार्ड का दुरुपयोग कर वीर ट्रेडर्स नाम से एक फर्जी फर्म रजिस्टर्ड की गई। इस फर्म के जरिए करोड़ों रुपए का लेनदेन किया गया है। धर्मेन्द्र कुमार का कहना है कि उन्हें और उनके परिवार के किसी सदस्य को इस फर्म के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उनका आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर यह फर्जीवाड़ा किया है। पीड़ित ने मामले की जांच करने के लिए बीबीडी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामले में इंस्पेक्टर बीबीडी राम सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है।

Leave a Reply